Friday, October 15, 2021

नरहरि छंद "जय माँ दुर्गा"

 नरहरि छंद  

"जय माँ दुर्गा"


जय जग जननी जगदंबा, जय जया।

नव दिन दरबार सजेगा, नित नया।।

शुभ बेला नवरातों की, महकती।

आ पहुँची मैया दर पर, चहकती।।


झन-झन झालर झिलमिल झन, झनकती।

चूड़ी माता की लगती, खनकती।।

माँ सौलह श्रृंगारों से, सज गयी।

घर-घर में शहनाई सी, बज गयी।।


शुचि सकल सरस सुख सागर, सरसते।

घृत, धूप, दीप, फल, मेवा, बरसते।।

चहुँ ओर कृपा दुर्गा की, बढ़ रही।

है शक्ति, भक्ति, श्रद्धा से, तर मही।।


माता मन का तम सारा, तुम हरो।

दुख से उबार जीवन में, सुख भरो।।

मैं मूढ़ न समझी पूजा, विधि कभी।

स्वीकार करो भावों को, तुम सभी।।

◆◆◆◆◆◆◆


नरहरि छंद विधान-


नरहरि छंद एक सम पद मात्रिक छंद है, जिसमें प्रति पद १९ मात्रा रहती हैं।  १४, ५ मात्रा पर यति का विधान है। दो-दो  या चारों पद समतुकांत होते हैं। इसका मात्रा विन्यास निम्न है-  


१४ मात्रिक चरण की प्रथम दो मात्राएँ सदैव द्विकल के रूप में रहती हैं जिसमें ११ या २ दोनों रूप मान्य हैं। बची हुई १२ मात्रा में चौकल अठकल की निम्न तीन संभावनाओं में से कोई भी प्रयोग में लायी जा सकती है। 

तीन चौकल,

चौकल + अठकल,

अठकल + चौकल

दूसरे चरण की ५ मात्राएँ लघु लघु लघु गुरु(S) रूप में रहती हैं।

●●●●●●●●

शुचिता अग्रवाल 'शुचिसंदीप'

तिनसुकिया, असम


No comments:

Post a Comment

Featured Post

शुद्ध गीता छंद, "गंगा घाट"

 शुद्ध गीता छंद-  "गंगा घाट" घाट गंगा का निहारूँ, देखकर मैं आर पार। पुण्य सलिला, श्वेतवर्णा, जगमगाती स्वच्छ धार।। चमचमाती रेणुका क...